फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गंगापार महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, राजेपुर के प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह को प्रबंध समिति ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रबंध समिति की 30 अगस्त 2026 को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर की गई है। निलंबन आदेश के अनुसार, प्रधानाचार्य पर शैक्षिक सत्र 2013-14 से अद्यतन कक्षावार छात्र संख्या के सापेक्ष लिए गए शुल्क तथा सत्रवार आय-व्यय का विवरण मूल अभिलेखों के साथ उपलब्ध न कराने,
विद्यालय में संचालित अटल टिंकरिंग लैब के लिए प्राप्त धनराशि और उसके व्यय का वर्षवार विवरण प्रस्तुत न करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि इससे वित्तीय अनियमितता की स्थिति सामने आती है। प्रबंध समिति ने सेवा से घोर अनियमितता, प्रबंधक के आदेशों की अवहेलना, विद्यालय के अभिलेख अवलोकन के लिए प्रस्तुत न करने, कर्तव्यों की उपेक्षा, निधियों के दुरुपयोग और अवैध शुल्क वसूली जैसे
गंभीर आरोपों का भी उल्लेख किया है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। इसमें आदेश कुमार सिंह, महेश चंद्र सिंह और दिनेश प्रताप सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है। प्रधानाचार्य को आरोप पत्र अलग से उपलब्ध कराने तथा जांच समिति के समक्ष नियमानुसार अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। निलंबन अवधि में प्रधानाचार्य को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिए जाने की बात आदेश में कही गई है। साथ ही बिना पूर्व
अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने तथा साक्ष्यों या अभिलेखों से छेड़छाड़ नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। निलंबन अवधि में उनका विद्यालय में प्रवेश भी पूर्व अनुमति के बिना प्रतिबंधित रहेगा। आदेश की प्रतिलिपि
संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कानपुर मंडल, जिला विद्यालय निरीक्षक फर्रुखाबाद, लेखाधिकारी तथा कार्यवाहक प्रधानाचार्य के लिए भेजी गई है। कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में वीरेंद्र कुमार सिंह को दायित्व संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह निलंबित, वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की होगी जांच
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



