फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सरकारी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को अब जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कोषागार के चक्कर नहीं लगाने होंगे। पेंशनर घर बैठे स्मार्टफोन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकेंगे। मोबाइल कैमरे से फेस रिकग्निशन के जरिए पहचान सत्यापित कर प्रमाण-पत्र ऑनलाइन भेजने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वरिष्ठ कोषाधिकारी अम्बरीश बाजपेयी ने जेएनआई न्यूज को बताया कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पेंशनरों को सबसे पहले प्ले स्टोर से Aadhaar Face RD और Jeevan Pramaan एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आधार नंबर, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा।अगले चरण में पेंशनर का नाम, पेंशन का प्रकार, स्वीकृतकर्ता प्राधिकारी, कोषागार का नाम, पीपीओ नंबर, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड सहित आवश्यक विवरण भरना होगा। इसके बाद मोबाइल कैमरे से फेस रिकग्निशन के जरिए पहचान की पुष्टि की जाएगी। जरूरत पड़ने पर फिंगरप्रिंट से भी सत्यापन किया जा सकता है। प्रक्रिया पूरी होते ही डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन जमा हो जाएगा। इस सुविधा से विशेष रूप से बुजुर्ग और चलने-फिरने में असमर्थ पेंशनरों को राहत मिलेगी। उन्हें जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए किसी कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं होना पड़ेगा।
अब घर बैठे स्मार्टफोन से जमा होगा पेंशनरों का जीवन प्रमाण-पत्र, कोषागार जाने की जरूरत
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



