फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)फर्रुखाबाद। बढ़पुर ब्लॉक स्थित गायत्री कॉलेज में रक्षाबंधन पर्व पर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का भावुक और आत्मीय नजारा देखने को मिला। गत करीब 18 वर्षों से सामूहिक विवाह समारोह में विवाह के बंधन में बंधने वाली बेटियां रक्षाबंधन के अवसर पर पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल और उनकी पत्नी नगर पालिका चेयरमैन वत्सला अग्रवाल को राखी बांधने पहुंचती हैं। इस वर्ष भी कई सैकड़ा बहनों ने पहुंचकर दोनों को राखी बांधी।पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल और उनकी पत्नी वत्सला अग्रवाल द्वारा हर वर्ष सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाता है। इस समारोह में हिंदू बेटियों की विधि-विधान से शादी कराई जाती है, जबकि मुस्लिम बेटियों का निकाह कराया जाता है। विवाह के बाद इन बेटियों का अपने इस भाई-बहन जैसा रिश्ता और मजबूत होता गया। यही वजह है कि रक्षाबंधन के दिन ये बेटियां दूर-दूर से अपने भाई मनोज अग्रवाल को राखी बांधने के लिए पहुंचती हैं।रक्षाबंधन के दिन सुबह से ही गायत्री कॉलेज परिसर में बहनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कॉलेज हॉल में धीरे-धीरे बड़ी संख्या में बहनें एकत्र हो गईं। पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल अपनी पत्नी वत्सला अग्रवाल के साथ हॉल में पहुंचे तो बहनों ने पुष्पवर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद बहनों ने बारी-बारी से मनोज अग्रवाल और वत्सला अग्रवाल की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।राखी बंधवाने के बाद अग्रवाल दंपति ने भी बहनों को उपहार भेंट किए। बहनों को उपहार देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस दौरान पूरे कॉलेज परिसर में खुशी, उत्साह और भाई-बहन के स्नेह का माहौल बना रहा।पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल और चेयरमैन वत्सला अग्रवाल ने बताया कि यह परंपरा करीब 18 वर्षों से लगातार चली आ रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष रक्षाबंधन पर सामूहिक विवाह में विवाह करने वाली बेटियां राखी बांधने आती हैं। इस बार भी दिल्ली, कानपुर सहित आसपास के जिलों से बहनें पहुंचीं। उनके अनुसार इस वर्ष करीब 500 से 800 बहनों ने राखी बांधी।मनोज अग्रवाल ने कहा कि बहनों का हर वर्ष राखी बांधने के लिए पहुंचना उनके लिए सबसे बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि बहनों के स्नेह और आशीर्वाद से उन्हें बेहद खुशी मिलती है। उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी और खुशहाल जीवन की कामना की।18 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा रक्षाबंधन के पर्व पर भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह, अपनत्व और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश कर रही है।
गायत्री कॉलेज में रक्षाबंधन की अनूठी परंपरा, 18 वर्षों से राखी बांधने पहुंच रहीं सामूहिक विवाह की बहनें
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



