फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद की अपरा काशी के नाम से प्रसिद्ध पांचाल घाट गंगा तट पर बुधवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सावन माह और गुरु पूर्णिमा के संयोग को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।सोमवार को कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी यमुना प्रसाद ने पांचाल घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरु पूर्णिमा स्नान और कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।हर वर्ष सावन माह में विभिन्न जनपदों से हजारों कांवड़िये और श्रद्धालु पांचाल घाट पहुंचकर गंगा स्नान करने के साथ जल भरकर भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।वहीं दूसरी ओर पांचाल घाट क्षेत्र में सैकड़ों दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों को सजाने और अंतिम रूप देने में जुटे हैं। कांवड़, भगवा वस्त्र, झंडे, पूजन सामग्री तथा अन्य धार्मिक वस्तुओं की दुकानों से पूरे घाट क्षेत्र में मेले जैसा माहौल दिखाई देने लगा है। दुकानदारों का कहना है कि सावन का यह एक माह उनके लिए रोजगार का प्रमुख अवसर होता है, जिससे उनकी आजीविका चलती है।पांचाल घाट पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए प्रशासन और व्यापारी दोनों पूरी तरह तैयार हैं। घाट क्षेत्र में “हर-हर गंगे” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाए जाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सुरक्षा के कड़े पहरे में होगा गुरु पूर्णिमा का स्नान, दुकानदारों ने की व्यापक तैयारियां
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



