31 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ करा लें शीतगृह लाइसेंस का नवीनीकरण

0
26

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के निजी शीतगृह संचालकों को वर्ष 2027 के लिए लाइसेंस का नवीनीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए विभाग ने अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की है। निर्धारित समय तक नवीनीकरण नहीं कराने वाले शीतगृहों का लाइसेंस निरस्त मानते हुए उनमें आलू समेत अन्य कृषि उत्पादों के भंडारण पर रोक लगा दी जाएगी। आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने जनपद के सभी निजी शीतगृह स्वामियों एवं प्रबंधकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि लाइसेंस नवीनीकरण की सामान्य अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 थी, लेकिन अब विलंब शुल्क के साथ 31 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर दिया गया है। शीतगृह संचालक विभागीय वेबसाइट www.janhit.uphorticulture.in पर आवेदन कर नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 दिसंबर के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा और संबंधित शीतगृह का लाइसेंस स्वतः निरस्त समझा जाएगा। अधिकारी ने सभी शीतगृह संचालकों से समय रहते नवीनीकरण कराने की अपील की है। निर्धारित अवधि में लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराने पर उत्तर प्रदेश शीतगृह विनियमन अधिनियम-1976 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित शीतगृह स्वामी एवं प्रबंधक की होगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]