ई-रिक्शा पुलिया के नीचे खड्ड में पलटा, मासूम बच्ची गंभीर

0
53

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे तालाब में जा गिरा। हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि चालक समेत अन्य सवारियां बाल-बाल बच गईं। जानकारी के अनुसार बुढ़िया भेड़ा गांव से कई लोग ई-रिक्शा में सवार होकर राजेपुर बाजार आ रहे थे। अलीगढ़-नासा पुल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन को बचाने और ओवरटेक करने के दौरान चालक संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते ई-रिक्शा पुलिया से नीचे तालाब में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सवारियों में चीख-पुकार गूंज उठी। हादसे में बुढ़िया भेड़ा निवासी सुमित की चार वर्षीय पुत्री अनामिका गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]