यौम-ए-आशूरा पर गम में डूबा फर्रुखाबाद, ताजिये सुपुर्द-ए-खाक

0
78

[adrotate banner="3"]

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मुहर्रम के यौम-ए-आशूरा पर जिले भर में अकीदत और गम का माहौल रहा। कर्बला के 72 शहीदों की याद में निकाले गए ताजिया और अलम के जुलूस शहर के विभिन्न मोहल्लों से होते हुए कर्बला पहुंचे, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे दिन “या हुसैन” और “या हैदर” की सदाओं से वातावरण गूंजता रहा। ठंडी सड़क स्थित छोटी कर्बला मेहंदी बाग से सुबह असलम ईरानी की अगुवाई में मातमी जुलूस निकाला गया। काले वस्त्र पहने अकीदतमंद नंगे पैर चलते हुए इमाम हुसैन की शहादत को याद कर मातम करते रहे। कर्बला पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोगों ने ताजियों की जियारत की। महिलाओं ने सीनाजनी कर अपनी अकीदत पेश की, जबकि बच्चों को काजल लगाने की परंपरा भी निभाई गई। शहर के भीकमपुरा, तकिया नसरत शाह, गढ़ी अब्दुल मजीद, नखास, दिलावर जंग सहित कई मोहल्लों से ताजियों के जुलूस क्रमवार कर्बला पहुंचे। सुबह शाह फसीह मुजीबी ने गागर पेश कर इमाम हुसैन को खिराज-ए-अकीदत अर्पित की।दरे जैनबिया से शिया समुदाय का मातमी जुलूस बूरावाली गली, घुमना बाजार, त्रिपोलिया चौक और टाउनहाल तिराहे से होकर कर्बला पहुंचा। जुलूस में अकीदतमंदों ने जंजीरी मातम किया। शरीर से खून बहने के बावजूद मातमी “या हुसैन” की सदाएं बुलंद करते हुए नंगे पैर चलते रहे। इस दृश्य को देखने के लिए रास्तों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही।यौम-ए-आशूरा के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर शर्बत की सबील और लंगर का भी आयोजन किया गया। सीरत कमेटी ने टाउनहाल तिराहे पर राहगीरों और अकीदतमंदों को शर्बत वितरित किया। कई मोहल्लों में कुरानख्वानी आयोजित कर कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। भीकमपुरा, शमशेरखानी, गढ़ी अब्दुल मजीद, बजरिया शेख इनायत अली, कटरा बख्शी और खटकपुरा सहित अनेक क्षेत्रों में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। इस दौरान मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली, आफताब हुसैन, इसरार हुसैन, गुलशेर ईरानी, फरहत अली जैदी, नावेद अल्वी, ताहिर हुसैन, शादाब हुसैन, असलम शेर खां, मोहम्मद हसीन, काजी मुताहिर अली, खुर्शीद खां, मोहम्मद शाहिद, रफी अंसारी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। हरे-भरे ताजियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया, जिसकी लोगों ने सराहना की।

[adrotate banner="2"]