गेस्ट हाउस के पीछे झाड़ियों में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

0
50

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) इटावा-बरेली हाईवे स्थित बरसाना गेस्ट हाउस के पीछे झाड़ियों में रविवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर डायल-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो शव हाईवे से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला। मृतक ने लाल, फिरोजी और सफेद रंग की चेकदार शर्ट तथा काले रंग की लोअर पहन रखी थी। तलाशी के दौरान उसकी जेब से आधार कार्ड, तंबाकू और एक फटी हुई डायरी बरामद हुई। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान 34 वर्षीय बलवीर मांझी पुत्र ब्रह्मदेव मांझी, निवासी ग्राम बीझो कौवाकोल, थाना कौवाकोल, जनपद नवादा (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार शव के गले में गेरुआ रंग की चुनरी का फंदा बंधा मिला, जबकि कान और नाक से खून निकलने के निशान भी पाए गए। घटनास्थल की परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को झाड़ियों में लाकर फेंका गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक संभवतः किसी ईंट-भट्ठे या अन्य स्थान पर मजदूरी करने आया होगा, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उपनिरीक्षक हरीश कुमार ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके का निरीक्षण करने पहुंचे कायमगंज के कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने, उसके संबंधों की जानकारी जुटाने तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]