फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के भाई ने पति, सास-ससुर समेत आठ लोगों के खिलाफ थाना राजेपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
हरदोई जनपद के थाना लोनार क्षेत्र के ग्राम पुरौरी निवासी हर्ष प्रताप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन स्वेता सिंह उर्फ वर्षा की शादी वर्ष 2021 में राजेपुर निवासी अश्वनी कुमार सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में सामर्थ्य अनुसार दान-दहेज दिया गया, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।
आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति, सास-ससुर व अन्य परिजन कार और दो लाख रुपये नकद की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करते थे। कई बार पंचायत और समझौते के प्रयास हुए, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं आया। इस दौरान मृतका ने एक पुत्र को जन्म दिया, फिर भी उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज जारी रही।
पीड़ित भाई के अनुसार 22 मई 2026 को उसकी बहन को फर्रुखाबाद स्थित एसएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के नाम पर साजिशन उसकी मौत कर दी गई। मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अस्पताल को सीज करने की कार्रवाई भी की गई।
दाह संस्कार के बाद मृतका का भाई न्याय की मांग को लेकर थाना राजेपुर पहुंचा और पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं मृतका के मायके पक्ष का रो-रोकर बुरा हाल है।
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की मौत का आरोप, पति समेत 8 पर तहरीर





