फर्रुखाबाद में अकीदत और एहतराम से मनी बकरीद

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में बृहस्पतिवार को ईदुल-अजहा (बकरीद) का पर्व अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। बीबीगंज स्थित नई ईदगाह, पुरानी ईदगाह, जामा मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआएं मांगी गईं।
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के बीबीगंज स्थित नई ईदगाह में सुबह 7:30 बजे मुफ्ती हाजी सैय्यद मोअज्जम अली ने ईद की नमाज अदा कराई। वहीं पुरानी ईदगाह में सुबह 8 बजे मौलाना शमशाद चतुर्वेदी ने नमाज पढ़ाई। खुतबे के दौरान उन्होंने हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी की मिसाल को याद करते हुए त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश दिया।
इसके अलावा रकाबगंज तिराहा स्थित मस्जिद जान अली खान में शहर काजी सैय्यद मुताहिर अली तथा मोहल्ला रकाबगंज की दरगाह हजरत अब्बास में मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली ने नमाज अदा कराई। सुनहरी मस्जिद में मौलाना अब्बास ने नमाज पढ़ाई। नमाज से पहले उलेमाओं ने तकरीर में रसूल-ए-पाक की सुन्नतों पर अमल करने और कुर्बानी की अहमियत को समझने पर जोर दिया।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने-अपने घरों में शरई तरीके से कुर्बानी अदा की। कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने भी पूरे दिन सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखा।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार, सीओ सिटी अभय वर्मा, थाना प्रभारी अजब सिंह, इंस्पेक्टर आमोद सिंह, इंस्पेक्टर अमित गंगवार, एसआई अमित गुप्ता और बीबीगंज चौकी इंचार्ज नितिन कुमार सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। अधिकारियों की मौजूदगी और लोगों के सहयोग से जनपद में बकरीद का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ तथा लोगों ने आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया।