फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली क्षेत्र में एक बार फिर टप्पेबाज सक्रिय हो गए हैं। आए दिन हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस अभी तक इन शातिर ठगों पर शिकंजा कसने में नाकाम नजर आ रही है। ताजा मामला नेहरू रोड स्थित दयाराम साहब की गली का है, जहां एक महिला को बातों में उलझाकर टप्पेबाज उसके कुंडल और नगदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार संतोष गुप्ता पत्नी विनोद गुप्ता निवासी नेहरू रोड़ दयाराम गली गुरुवार सुबह करीब 9 बजे अपने बेटे की पान मसाला दुकान पर बैठी थीं। तभी तीन युवक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और महिला को अपनी बातों में फंसा लिया। आरोप है कि युवकों ने महिला को रुपये डबल करने का लालच दिया और एक रुमाल में 500 के नोटों की गड्डी दिखाकर भरोसा दिलाया।
टप्पेबाज महिला से उसके कुंडल और कुछ नगदी लेकर फरार हो गए। उनके जाने के बाद जब संतोष गुप्ता ने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें ऊपर केवल 10 का एक नोट लगा था, जबकि अंदर सफेद कागज रखे हुए थे। यह देखकर महिला हक्का-बक्का रह गई।
पीड़िता ने बताया कि तीनों युवक मोटरसाइकिल से आए थे और घटना के बाद रोडवेज बस अड्डे की ओर जाते हुए दिखाई दिए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। वहीं, थाना कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि अभी तक उनके पास कोई तहरीर नहीं आई है और न ही घटना की आधिकारिक सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पूरा मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के नेहरू रोड स्थित दयाराम गली का बताया जा रहा है।
टप्पेबाज सक्रिय, महिला से कुंडल और नगदी ठगी
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



