फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में एक बीए छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला दुईया निवासी 20 वर्षीय अंजलि उर्फ मुस्कान ने घर के कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मंगलवार शाम करीब 7 बजे पुलिस को दी गई। मृतका के पिता अवनीश कुमार शाक्य ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कमरे में छत के कुंदे से लटकी हुई मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजब सिंह और बजरिया चौकी इंचार्ज यतेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
चौकी इंचार्ज यतेंद्र सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुस्कान की मां का भी तीन वर्ष पूर्व फांसी लगने से निधन हो गया था। मुस्कान अपने पिता के साथ रहती थी। बताया गया कि कुछ समय पहले उनके मकान में आग लग गई थी, जिसमें पिता अवनीश शाक्य के हाथ-पैर झुलस गए थे और वह अभी भी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाए हैं। घटना के समय पिता घर में ही मौजूद थे। उन्होंने बेटी को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कमरे के अंदर जाकर देखा तो मुस्कान दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई मिली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बीए छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी





