फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)इटावा-बरेली हाईवे पर मंगलवार को बारातियों से भरी एक्सयूवी कार और पिकअप की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए। हादसे में सेना के जवान विश्वनाथ की जान चली गई, जबकि दूल्हे के भाई समेत आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के देवराम गढ़िया गांव निवासी प्रदीप पाल की सोमवार को हरदोई जिले के हसनापुर गांव में बारात जानी थी। बारातियों का एक वाहन एक्सयूवी कार राजेपुर थाना क्षेत्र में महमदपुर गढ़िया के निकट पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उसकी टक्कर हो गई। कार में दूल्हे का भाई रितिक और अन्य आठ लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।थाना पुलिस ने अपने वाहनों तथा एंबुलेंस के जरिए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर और लोहिया अस्पताल पहुंचवाया। बाद में सभी घायलों को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने विश्वनाथ को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार शुरू किया गया। **छुट्टी पूरी कर लौटने से पहले गई जान**: मृतक विश्वनाथ सेना में
तैनात था और इन दिनों हिमाचल प्रदेश में उसकी पोस्टिंग थी। परिजनों के मुताबिक वह करीब एक महीने पहले छुट्टी लेकर घर आया था। मंगलवार को उसे वापस अपनी तैनाती पर लौटना था, लेकिन इससे पहले ही हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। विश्वनाथ दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी पूजा और एक बेटी है। जवान की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। **आठ घायलों में चार की हालत गंभीर**: दुर्घटना में देवराम गढ़िया निवासी सोनू (22), सत्येंद्र (30), रितिक (26), हनी (20), शिवा पाल (19), सनी पाल (28), बृजेश (28) और कोमल के अलावा औरैया जिले के बिधूना निवासी हृदेश (25) घायल हुए। लोहिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सत्येंद्र, हृदेश, कोमल और हनी को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। **विधायक ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी**: हादसे की जानकारी मिलने पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर भी लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति जानी और गंभीर रूप से जख्मी लोगों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजने के बजाय किसी उच्च स्तरीय अस्पताल में भेजने के निर्देश दिए। बताया गया कि दुर्घटना के समय कार सत्येंद्र चला रहा था। **इमरजेंसी में मची रही हलचल**: एक साथ कई घायलों के पहुंचने से लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घायलों को तत्काल स्ट्रेचर और बेड पर लेकर उपचार शुरू किया गया। उनके साथ आए परिजन भी अस्पताल में जमा हो गए।राजेपुर थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि एक्सयूवी और पिकअप की टक्कर में एक युवक की मृत्यु हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
बारातियों से भरी कार की पिकअप से भिड़ंत, सैनिक की मौत, आठ घायल
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



