फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस शनिवार को ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएम ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 65 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें राजस्व विभाग की 35, पुलिस विभाग की 12, विद्युत विभाग की 5, नगर निकाय की 5 तथा अन्य विभागों की 8 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर राजस्व विभाग की तीन शिकायतों का निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को तत्काल राहत प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध व प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ तय समयसीमा के भीतर किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके।समाधान दिवस के दौरान जल निगम ग्रामीण के अधिशाषी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी समाधान दिवस को गंभीरता से लें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित राहत और न्याय उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी अधिकारी जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। एसपी आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ , मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनिन्द्र कुमार , उप जिलाधिकारी अमृतपुर आदि मौजूद रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 65 शिकायतों में तीन का मौके पर निस्तारण



