लिंक एक्सप्रेस-वे कार्य में लापरवाही पर दो लेखपाल निलंबित, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

0
253

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत भूमि क्रय एवं अर्जन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने लापरवाही बरतने वाले दो लेखपालों के निलंबन के निर्देश दिए हैं।समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न ग्रामों में भूमि खरीद और अभिलेखीय कार्यों की स्थिति का बिंदुवार परीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि कुछ राजस्व कर्मियों द्वारा कार्यों में अपेक्षित गति और गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है, जिससे परियोजना प्रभावित हो रही है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण और प्राथमिकता वाली परियोजना है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कार्य में लापरवाही पाए जाने पर लेखपाल नीवकरौरी प्रवीण दुबे तथा लेखपाल मदनपुर महेश्वर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को भूमि क्रय से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। किसानों से समन्वय बनाकर भूमि संबंधी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।बैठक में प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उपजिलाधिकारी सदर तथा तहसीलदार सदर मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]