आधी रात लोहिया पंहुची डीएम, गंदगी व बंद एसी पर जताई नाराजगी

0
135

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो ) जनपद के डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में शुक्रवार देर रात लगभग 12 बजे जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने इमरजेंसी वार्ड, विभिन्न वार्डों, एनआरसी वार्ड और एसएनसीयू वार्ड समेत अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में भारी गंदगी और डस्टबिनों की कलर कोडिंग व्यवस्था सही न मिलने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अस्पताल के बाथरूम भी गंदे पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर के प्रत्येक हिस्से में स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।निरीक्षण के दौरान कई वार्डों में एसी बंद मिले, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल एसी चालू कराने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों की सुविधा को देखते हुए सभी वार्डों में पर्याप्त संख्या में साफ चादरें और तकिये उपलब्ध कराने को कहा।जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से फीडबैक भी प्राप्त किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।डीएम ने एनआरसी और एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती बच्चों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासन नियमित निगरानी सुनिश्चित करे, ताकि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]