विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग में जागरूकता रैली व वृक्षारोपण

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को समर्पित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। संस्था के डायरेक्टर डॉ. सचिन दुबे ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता एवं पर्यावरण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में उपस्थित अतिथियों ने भी सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों, प्रबंधन समिति एवं विद्यार्थियों ने पौधे रोपित किए। इस अवसर पर सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुधेश दुबे ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण मानव जीवन की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया। जिला मंत्री भाजपा श्वेता दुबे ने जल संरक्षण, स्वच्छता और हरित अभियान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया। संस्था के चेयरमैन एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष वी.के. गंगवार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आदित्य मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा सुभाष वर्मा, कॉलेज के प्राचार्य, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।