नशीला पदार्थ खिलाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र की एक 18 वर्षीय युवती ने पांच लोगों पर नशीला पदार्थ खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपित उसे गांव से बोलेरो वाहन में बैठाकर फतेहगढ़ स्थित एक होटल में ले गए। वहां कथित रूप से उसे नशीला पदार्थ खिलाया गया, जिसके बाद पांच लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर 20 अप्रैल 2026 को राजेपुर थाने में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को एक आरोपी अजीत पुत्र हलसिंह निवासी दारापुर को पचालघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा प्रकरण की विवेचना जारी है।