रोडवेज बस स्टॉप पर चला यातायात पुलिस का डंडा

0
196

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रोडवेज बस स्टॉप परिसर में अवैध रूप से सवारियां भरने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ शनिवार को यातायात पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान दर्जनों ई-रिक्शा पकड़कर आईटीआई चौकी में खड़े कराए गए, जबकि बिना लाइसेंस, फिटनेस और रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों के खिलाफ चालान एवं सीज की कार्रवाई की गई। लंबे समय से ई-रिक्शा चालक रोडवेज बस स्टॉप परिसर के अंदर प्रवेश कर सवारियां चढ़ाने और उतारने का काम कर रहे थे। इससे यात्रियों को परेशानी होने के साथ-साथ जाम की स्थिति भी बन रही थी। कई बार ई-रिक्शा चालकों और बस परिचालकों के बीच विवाद की घटनाएं भी सामने आ चुकी थीं। इस समस्या को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शनिवार को यातायात प्रभारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि रोडवेज बस स्टॉप के अंदर प्रवेश करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। अभियान के दौरान जिन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले, उनके वाहनों का चालान किया गया और कई वाहनों को सीज कर दिया गया। कुछ चालक कार्रवाई से बचने के लिए वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिनके ई-रिक्शा भी क्रेन की मदद से चौकी भेजे गए। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि ई-रिक्शा चालकों को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी कि वे रोडवेज परिसर में प्रवेश न करें, लेकिन नियमों की अनदेखी लगातार जारी थी। इसी कारण विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ई-रिक्शा चालक कथित रूप से रोडवेज कर्मचारियों की मिलीभगत से परिसर के अंदर सवारियां भरते थे। शनिवार की कार्रवाई के बाद ऐसे लोगों में हड़कंप मच गया और रोडवेज बस स्टॉप परिसर में व्यवस्था बेहतर होती दिखाई दी। यातायात प्रभारी के अनुसार अभियान के दौरान अब तक करीब 80 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]