चोरी में आरोपी किशोर को भेजा जेल

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना राजेपुर क्षेत्र के कस्बा राजेपुर निवासी रविन्द्र कुमार तिवारी ने घर में घुसकर नकदी चोरी किए जाने की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है तथा चोरी गई रकम में से 1000 रुपये बरामद कर लिए हैं। पीड़ित रविन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार वह अपने घर एवं दुकान की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान कस्बा राजेपुर का एक 16 वर्षीय किशोर उनके घर में घुस गया और एक डिब्बे में रखे 4 हजार रुपये निकालकर फरार हो गया। घटना की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और थाना राजेपुर में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जगदीश वर्मा को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 1000 रुपये बरामद कर लिए। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। शेष रकम की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।