लाल गेट चौराहे पर जर्जर हाई टेंशन पोल बना खतरा, शिकायतों के बावजूद नहीं जागा बिजली विभाग

0
328

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर के सबसे व्यस्त लाल गेट चौराहे के पास सिग्नल लाइट के निकट स्थित जर्जर हाईटेंशन बिजली का खंभा लोगों के लिए खतरे का सबब बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई महीनों से शिकायतें किए जाने के बावजूद बिजली विभाग इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। लाल गेट निवासी लौंगश्री पत्नी दयाराम वाल्मीकि ने बताया कि करीब छह माह पहले हाईटेंशन लाइन का खंभा नीचे से गल गया था। इसकी शिकायत उन्होंने तहसील दिवस में भी की थी। शिकायत के बाद विभाग ने पास में नया खंभा तो लगा दिया, लेकिन पुराने जर्जर खंभे को हटाने की जहमत नहीं उठाई। वर्तमान में खंभे का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा नीचे से क्षतिग्रस्त हो चुका है और वह एक मकान की ओर झुक गया है।स्थानीय लोगों के मुताबिक जर्जर खंभे के सहारे अब भी कई विद्युत लाइनें गुजर रही हैं। खंभे को गिरने से रोकने के लिए विभाग ने उसे तारों के माध्यम से आसपास की दीवारों और अन्य स्थानों से बांध रखा है। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में इन तारों में करंट उतरने की आशंका बनी रहती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।क्षेत्रवासियों ने बताया कि जिला प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। इसके बावजूद बिजली विभाग द्वारा खंभे को हटाने या पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय नागरिकों ने जर्जर पोल को तत्काल हटाकर नया पोल स्थापित करने तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दुर्घटना की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]