लोहिया में अव्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शुभम तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त करते हुए एम्स/पीजीआई स्तर की चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराए जाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के बाद शुभम तिवारी ने कहा कि जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और लोहिया अस्पताल की वर्षों से चली आ रही दुर्दशा के लिए जनप्रतिनिधियों की उदासीनता जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि सदन में फर्रुखाबाद के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से नहीं उठा सके।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर लोहिया अस्पताल को विशेष दर्जा दिलाने और गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस प्रयास क्यों नहीं किए गए। उनका कहना था कि फर्रुखाबाद के लोगों को भी AIIMS और SGPGI जैसी उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी लोहिया अस्पताल को प्रदेश और देश के प्रमुख अस्पतालों की श्रेणी में लाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में हर संभव प्रयास करेगी।
इस दौरान प्रदेश सचिव अर्चना राठौर, किसान सभा जिलाध्यक्ष पीयूष राठौर, विकलांग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मो. मेराजुद्दीन, जिला महासचिव राजेश राठौर, सोनी दीक्षित, विपिन प्रजापति, विकास अग्निहोत्री, ऋषभ अग्निहोत्री, सत्यप्रकाश तिवारी, जीतू मिश्रा, अधिवक्ता धीरज त्रिवेदी, अधिवक्ता ब्रजेश मिश्रा, लक्ष्मण सिंह एडवोकेट, सर्वेंद्र सिंह, उस्मान खां, नफीस हुसैन, शिवम शर्मा, मो. साबिर, दिलीप यादव, अनुज पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।