फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर के रोडवेज बस स्टॉप पर सोमवार सुबह लीची विक्रेता और रोडवेज बस के चालक-परिचालक के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की नौबत आ गई, जिससे बस स्टॉप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे अनडियाना निवासी कन्हैया अपनी लीची की ठेली लेकर रोडवेज बस स्टॉप के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान फर्रुखाबाद डिपो की इटावा जाने वाली अनुबंधित बस की ठेली से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
कन्हैया के भाई मोनू ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान बस चालक ने लोहे के पाइप से कन्हैया की पिटाई कर दी, जिससे उसे चोटें आईं। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अन्य बसों के चालक और परिचालक भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। इसी बीच इटावा जाने वाली अनुबंधित बस मौके से रवाना हो गई।
घटना के बाद कुछ समय तक रोडवेज बस स्टॉप पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोडवेज बस स्टॉप पर ठेला और फेरी विक्रेताओं तथा बस कर्मियों के बीच विवाद की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। लोगों ने यह भी बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व बस स्टॉप के पास पुलिस चौकी बनाई गई थी, लेकिन घटना के समय वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। फिलहाल थाना कादरीगेट पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रोडवेज बस स्टॉप पर लीची विक्रेता और बस कर्मियों में विवाद, मारपीट का आरोप



