ओवरलोड व अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, 5 वाहन सीज, 3.69 लाख जुर्माना

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) परिवहन, पुलिस एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को फर्रुखाबाद और मोहम्मदाबाद क्षेत्र में ओवरलोड एवं अवैध खनन के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पांच ओवरलोड वाहनों को सीज कर कुल ₹3.69 लाख का जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान पकड़े गए वाहनों में दो ऐसे वाहन मिले जिनके पास खनन विभाग की वैध रॉयल्टी नहीं थी। इन वाहनों पर खनन विभाग द्वारा ₹1.13 लाख तथा परिवहन विभाग द्वारा ₹80 हजार का जुर्माना लगाया गया। दोनों वाहनों में गिट्टी लदी हुई थी, जो मध्य प्रदेश से लाई जा रही थी, लेकिन उनके पास उत्तर प्रदेश से संबंधित वैध प्रपत्र उपलब्ध नहीं थे।इसके अलावा बालू ढो रहे एक अन्य वाहन को ओवरलोड पाए जाने पर 35 हजार का जुर्माना लगाया गया। वहीं दो अन्य वाहन विभिन्न सामग्री ओवरलोड लेकर जाते हुए पकड़े गए, जिन पर कुल ₹61 हजार का अर्थदंड लगाया गया। संयुक्त चेकिंग अभियान में खनन अधिकारी, यातायात प्रभारी तथा एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत शामिल रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रदेशभर में ओवरलोडिंग और अवैध खनन के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खनन सामग्री का परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है ताकि राजस्व की चोरी रोकी जा सके। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग के माध्यम से सभी क्षेत्राधिकारियों, यातायात अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखें तथा ऐसे मामलों में तत्काल वाहन सीज करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।