रोडवेज बस स्टॉप पर लगा भीषण जाम,ई-रिक्शा चालकों के हौसले बुलंद

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) जनपद के कादरी गेट क्षेत्र के अंतर्गत फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टॉप पर ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के चलते भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते बढ़ी भीड़ के बीच सोमवार को करीब एक घंटे तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। जिसके परिणामस्वरूप भीषण गर्मी में राहगीरों और परीक्षार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।गौरतलब है कि इससे पूर्व जेएनई न्यूज द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी, जिसमें रोडवेज बस स्टॉप पर ई-रिक्शा के अव्यवस्थित संचालन से लोगों को हो रही परेशानी को उजागर किया गया था। खबर के बाद पहले दिन यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर 80 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की थी, जिनमें सर्वाधिक संख्या ई-रिक्शा की थी। इसके बावजूद स्थिति में स्थायी सुधार नहीं हो सका।रविवार को भी एक वीडियो के माध्यम से अव्यवस्था को दिखाते हुए खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद सोमवार सुबह करीब 9 बजे यातायात प्रभारी ने दोबारा अभियान चलाया और लगभग दो दर्जन ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुछ समय के लिए ई-रिक्शा चालकों में भगदड़ की स्थिति बन गई, लेकिन थोड़ी ही देर बाद फिर वही हालात देखने को मिले।दोपहर में पुलिस भर्ती परीक्षा समाप्त होने के बाद रोडवेज बस स्टॉप के लाल गेट से लेकर बद्री विशाल क्षेत्र तक जाम लग गया। जाम में फंसे लोगों के आरोप लगाया कि जाम के दौरान यातायात पुलिस के अलावा कादरी गेट थाने के एक दरोगा चौकी के अंदर फोन पर बात करते नजर आए, जबकि उनके सहयोगी कुर्सी पर बैठे रहे। वहीं रोडवेज बस स्टॉप के कर्मचारी जाम खुलवाने का प्रयास करते दिखाई दिए।लगातार तीसरे दिन परीक्षा के चलते भीड़ अधिक रहने की संभावना है, ऐसे में स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड या रूट तय किया जाए, ताकि रोडवेज बस स्टॉप के अंदर अव्यवस्था न फैले और जाम से निजात मिल सके।अब देखना यह होगा कि आगामी दो दिनों में परीक्षा के दौरान प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है और शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिल पाती है या नहीं।