रोडवेज बस स्टॉप पर कर्मियों में भिड़ंत, यात्रियों में दहशत

0
268

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रोडवेज बस स्टॉप पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली जाने वाली बसों को पहले रवाना करने को लेकर दो बसों के चालक और परिचालकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान एक चालक ने दूसरी बस की चाबी निकाल ली, जिससे बस आगे नहीं बढ़ सकी। इस दौरान दोनों बसें आपस में हल्के रूप से टकरा भी गईं, जिससे मौके पर मौजूद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना पर पहुंचे रोडवेज के अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप से तय किया गया कि निर्धारित समय के अनुसार बसों को रवाना किया जाएगा। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टॉप पर इस तरह के विवाद आम हो चुके हैं। अलग-अलग डिपो के चालक-परिचालकों के बीच आए दिन कहासुनी और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
हैरानी की बात यह है कि बस स्टॉप के पास ही रोडवेज पुलिस चौकी मौजूद है, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर मनमानी की जा रही है। यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में अव्यवस्था और विवाद की स्थिति न बने।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]