गैस वितरण को लेकर दूसरे दिन भी बवाल, पुलिस की मौजूदगी में हुआ वितरण

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के कोतवाली क्षेत्र स्थित लाल सराय की नेशनल गैस सर्विस पर गैस सिलेडर की को लेकर बुधवार को दूसरे दिन भी भारी हंगामा हुआ। उपभोक्ताओं का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि मौके पर धक्का-मुक्की और कहासुनी तक की नौबत आ गई।
जानकारी के अनुसार, कई दिनों से गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं ने मंगलवार को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया था कि 1 अप्रैल से पहले की सभी बुकिंग वाले सिलेंडर घर-घर पहुंचा दिए जाएंगे। इसके बावजूद बुधवार को जब लोगों को सिलेंडर नहीं मिले, तो बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पर पर्ची कटवाने पहुंच गए। लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने एजेंसी कर्मचारियों पर ब्लैक में सिलेंडर बेचने का आरोप भी लगाया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को कई बार हस्तक्षेप करना पड़ा। करीब दोपहर 12 बजे के बाद हालात काबू में आए, जिसके बाद पुलिस की निगरानी में गैस वितरण शुरू कराया गया। हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन उपभोक्ताओं में नाराजगी अभी भी बनी हुई है। अब देखना होगा कि प्रशासन गैस आपूर्ति को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।