मक्का का अवशेष जलाने से भड़की आग, धू-धू कर जला आम का पेड़

0
48

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के कटिन्ना मार्ग स्थित अंडरपास से करीब 100 मीटर दूर खेत में मक्का की फसल के अवशेष (कूड़ा) में लगाई गई आग अचानक बेकाबू हो गई। आग से निकली चिंगारियों ने पास खड़े एक सूखे आम के पेड़ को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पेड़ देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेतों में मौजूद किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। आग बढ़ती देख राहगीरों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास खड़ी फसलों और अन्य पेड़ों को नुकसान होने से बचा लिया गया। स्थानीय किसानों ने बताया कि यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के खेतों में खड़ी फसल भी इसकी चपेट में आ सकती थी, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होता। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जानकारी जुटा रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]