फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में पीआरबी पर तैनात एक पुलिस दीवान के बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के अजमतपुर रोड स्थित सिद्धार्थ कॉन्वेंट स्कूल के पास पुलिस दीवान आलोक कुमार जाटव का मकान है। मूल रूप से जनपद मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम हबीलिया निवासी आलोक कुमार ने करीब एक वर्ष पहले यहां अपना घर बनवाया था। उनकी पत्नी रूपा देवी 17 जून को चार बच्चों और अन्य परिजनों के साथ खाटू श्याम के दर्शन के लिए जयपुर गई थीं। सोमवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला।घर के अंदर पहुंचने पर तीन कमरों के ताले टूटे मिले। चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे जेवर और नकदी चोरी कर ली। अलमारी पर जूतों के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने पैर मारकर उसका लॉक तोड़ा। वारदात के बाद चोर ताला काटने वाला बड़ा कटर पड़ोस में फेंककर फरार हो गए, जिसे फॉरेंसिक टीम ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया।घटना की रात दीवान आलोक कुमार की ड्यूटी कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में पीआरबी पर थी। सुबह लगभग 10 बजे घर पहुंचने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस, मेडिकल चौकी पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़िता रूपा देवी के अनुसार चोर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 35 हजार रुपये की नकदी ले गए। चोरी हुए सामान में सोने की दो अंगूठियां, चेन, दो नाक की बेसर, एक जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी पायल, मंगलसूत्र, चांदी की करधनी तथा लड़कियों की तीन जोड़ी तोड़ियां शामिल हैं।घटना के संबंध में तीन संदिग्ध युवक आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। वहीं एक स्थानीय युवक ने भी रात करीब डेढ़ बजे तीन युवकों को बाइक से बाईपास की ओर जाते देखा था।पीड़ित दीवान आलोक कुमार का कहना है कि उन्होंने घटना के दूसरे दिन ही पुलिस को लिखित तहरीर दे दी थी, लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज होने की सूचना नहीं मिली है। उनका यह भी आरोप है कि अब तक थाना प्रभारी या किसी वरिष्ठ अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण नहीं किया।इस संबंध में थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस दीवान के सूने मकान में लाखों की चोरी, तहरीर के बाद भी मुकदमा दर्ज
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]


