बिजली पोल से फैले करंट की चपेट से बालिका की मौत

0
52

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरगांव में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही एक मासूम की जान पर भारी पड़ गई। बिजली के पोल से लटक रही केबल में करंट आने से घर के लोहे के गेट में विद्युत प्रवाहित हो गई, जिसकी चपेट में आने से 10 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पीपरगांव निवासी स्वर्गीय विष्णु गौतम की 10 वर्षीय पुत्री पारुल उर्फ मिठ्ठी सोमवार रात करीब 9:30 बजे घर से बाहर निकल रही थी। इसी दौरान उसने घर के लोहे के गेट को हाथ लगाया। बताया जाता है कि समीप स्थित बिजली के पोल से लटक रही क्षतिग्रस्त केबल के कारण गेट में करंट दौड़ रहा था। गेट छूते ही बालिका जोरदार करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतका अपने पांच भाइयों में सबसे छोटी थी। बेटी की असमय मौत से मां रजनीका का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली के पोल से केबल लंबे समय से लटक रही थी, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गई और परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के बालिका का अंतिम संस्कार कर दिया। इस हृदयविदारक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है तथा ग्रामीणों में विद्युत व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]