भाजपा बूथ कमेटी के सदस्‍य की गोली मारकर हत्या, दारोगा निलंबित

0
198

अमेठी: जिले के संग्रामपुर कोतवाली क्षेत्र में नलकूप पर गए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घर से तकरीबन सात सौ मीटर दूर युवक का शव नहर की पटरी पर मिला है। संग्रामपुर के पूरे भुलई गांव निवासी अवध नरेश सिंह के 40 वर्षीय पुत्र बृजेश सिंह की नहर पटरी पर रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह शव मिलने पर सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है। बृजेश गांव में प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी में थे।
गुरुवार सुबह हत्या की सूचना पर आस-पास के थानों के साथ जिला मुख्यालय से भी पुलिस बल मौके पर पहुंचा है। मृतक बृजेश भाजपा बूथ कमेटी के पदाधिकारी थे। उनके भाई कमलेश सिंह भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं।एएसपी दयाराम, सीओ  अर्पित कपूर सहित भारी पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद है। परिजन हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को उठाने नहीं दे रहे हैं। पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह भी संग्रामपुर पहुंचे हैं और घटना से जुड़ी जानकारी लेने के साथ जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। संग्रामपुर के प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद्र ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस जांच में जुटी है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने बीट के दारोगा महेंद्र कुमार सचान को निलंबित कर दिया है। उन पर लापरवाही का आरोप लग रहा था। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। घटना के पीछे वजह भूमि विवाद बताई जा रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]