बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, अवर अभियंता को जमीन पर गिराकर पीटा, देखें वीडियो

0
43

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बिजली चोरी की जांच करने गई विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जांच के दौरान बिजली चोरी पकड़े जाने पर गृहस्वामी और उसके पुत्र ने अवर अभियंता के साथ हाथापाई शुरू कर दी। अवर अभियंता को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे उनका एक हाथ टूट गया। बताया गया कि अवर अभियंता

[adrotate banner="3"]

मुख्तार हुसैन और उपखंड अधिकारी अजय कुमार की टीम सोमवार दोपहर करीब दो बजे लोको रोड स्थित बरसाती गैराज के सामने सुभाष अहिरवार के घर विद्युत चेकिंग करने पहुंची थी। जांच के दौरान टीम ने कथित रूप से बिजली चोरी पकड़ ली। इसके बाद कर्मचारी चोरी से संबंधित साक्ष्य संकलित कर रहे थे।आरोप है कि इसी दौरान सुभाष अहिरवार अपने पुत्र रजत कुमार के साथ अवर अभियंता मुख्तार हुसैन से भिड़ गया। दोनों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी और उन्हें जमीन पर पटककर लात-घूंसों से जमकर पीटा। मारपीट में अवर अभियंता गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल अवर अभियंता ने आरोपियों के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने उनका लोहिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।फतेहगढ़ कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि घायल अवर अभियंता का मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="2"]