धमकी से परेशान रिटायर्ड शिक्षक की एसपी से गुहार, बोले- न्याय न मिला तो परिवार सहित पलायन को होंगे मजबूर

0
39

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कादरी गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला गंगानगर की गायत्री गली निवासी 79 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक नरेश चंद द्विवेदी ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर पड़ोसी पर गाली-गलौज, धमकी देने और न्यायालय में चल रहे मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। बुजुर्ग ने अपने तथा परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए मामले की जांच कर आरोपी के

[adrotate banner="3"]

खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।नरेश चंद द्विवेदी पुत्र सुरगीया रामनाथ द्विवेदी के मुताबिक करीब तीन वर्ष पूर्व पड़ोस में रहने वाले अजय वर्मा उर्फ सानू पुत्र स्वर्गीय राम सिंह वर्मा से विवाद हुआ था। गाली-गलौज और मारपीट के मामले में कादरी गेट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पीड़ित के अनुसार इसी मामले की सुनवाई न्यायालय में चल रही है।आरोप है कि न्यायालय में चल रहे मुकदमे को वापस लेने के लिए आरोपी लगातार दबाव बना रहा है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी आए दिन घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करता है और मुकदमा वापस नहीं लेने पर पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी देता है। 4 सितंबर 2026 को भी गाली-गलौज और धमकी दिए जाने पर उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी थी। इसके साथ ही कादरी गेट पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई, लेकिन पीड़ित ने कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। नरेश चंद का कहना है कि वह 79 वर्ष के वरिष्ठ नागरिक हैं और अध्यापक पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके दोनों पुत्र बाहर रहते हैं। एक पुत्र न्यायालय में पेशकारी का कार्य करता है, जबकि दूसरा निजी कार्य करता है। ऐसे में घर पर अकेले रहने के कारण उन्हें और परिवार को सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। पीड़ित के घर पहुंचे सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी: मामले की जानकारी मिलने के बाद कई हिंदूवादी एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी नरेश चंद के घर पहुंचे। हिंदूवादी नेता सौरभ मिश्रा, राष्ट्रवादी ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष अमन दुबे, अनूज दुबे, आकाश तिवारी, राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के जिला उपाध्यक्ष, समेत अन्य पदाधिकारियों ने पीड़ित से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। पदाधिकारियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए बुजुर्ग को न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान दोनो पक्षो की नोकझोंक भी हुई | न्याय नहीं मिला तो पलायन की चेतावनी: पीड़ित नरेश चंद द्विवेदी ने कहा कि यदि पुलिस-प्रशासन से उन्हें न्याय और सुरक्षा नहीं मिली तो वह परिवार सहित मोहल्ले से पलायन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही कथित धमकियों के कारण परिवार भयभीत है।पुलिस बोली- नशे में गाली-गलौज करने का आरोपकादरी गेट चौकी प्रभारी केके कश्यप ने बताया कि जिस व्यक्ति पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसके शराब पीने का आदी होने की जानकारी है। पुलिस के अनुसार वह नशे की हालत में आए दिन गाली-गलौज करता है। चौकी प्रभारी केके कश्यप ने कहा कि मामले में उपलब्ध तथ्यों और शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस बीच गाली-गलौज से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पूर्व गंगानगर मोहल्ले में विवाद के बाद एक युवक की मौत का मामला भी सामने आया था, जिसमें 21 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।अब देखना यह है कि वरिष्ठ नागरिक की शिकायत पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है और क्या समय रहते विवाद का समाधान कर परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाती है।

[adrotate banner="2"]