फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले के दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह के सामने शुक्रवार को भाजपा पदाधिकारियों का पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश खुलकर सामने आया। निरीक्षण भवन फतेहगढ़ में आयोजित बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी समेत जिले के विभिन्न थानों में तैनात कुछ उपनिरीक्षकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।भाजपा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस स्तर पर उनकी शिकायतों और समस्याओं को अपेक्षित गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बैठक में
पुलिस की कार्यशैली को लेकर नेताओं ने प्रभारी मंत्री के सामने अपनी नाराजगी दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग रखी।बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी कुछ भाजपा पदाधिकारियों को पास होने के बावजूद मुख्यमंत्री के नजदीक जाने से रोक दिया गया था। इसको लेकर भी नेताओं में नाराजगी रही। भाजपा पदाधिकारियों ने इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए प्रभारी मंत्री के सामने अपनी बात रखी। बैठक में भाजपा नेताओं के तेवर देखकर प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना।
उन्होंने संबंधित मामलों में कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि आवश्यक होने पर इस विषय को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी रखा जाएगा। प्रभारी मंत्री के आश्वासन के बाद भाजपा पदाधिकारियों का आक्रोश कुछ शांत हुआ। बैठक में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवालों के बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।
प्रभारी मंत्री की बैठक में पुलिस के खिलाफ फूटा भाजपा पदाधिकारियों का आक्रोश
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



