प्रभारी मंत्री की बैठक में विकास से लेकर बाढ़ और जेल व्यवस्था तक की समीक्षा

0
14

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले के दौरे पर पहुंचे प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, बाढ़ राहत और जिला कारागार की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। विकास कार्यों की प्रगति में प्रदेश के शीर्ष 10 जनपदों में फर्रुखाबाद का नाम शामिल होने पर उन्होंने जिला प्रशासन की प्रशंसा भी की।प्रभारी मंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में अधिक से अधिक जनसामान्य की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ा जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अमृतपुर में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने 100 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री किट तथा एक लाभार्थी को सर्पदंश राहत अनुदान का चेक वितरित किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की आपदा में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखे जाएं। पात्र परिवारों तक शासन से अनुमन्य सहायता समय से पहुंचे और भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं सहित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने बाढ़ का पानी उतरने के बाद संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए अभी से तैयारियां पूरी रखने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चलाकर बच्चों को कृमिनाशक दवाएं देने और टीकाकरण कराने के निर्देश भी दिए।प्रभारी मंत्री ने कहा कि राहत कार्यों में लगे क्षेत्रीय अधिकारियों के मोबाइल नंबर प्रभावित मजरों में भी उपलब्ध कराए जाएं, जिससे जरूरतमंद लोग तत्काल संपर्क कर सकें। जिला कारागार का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य और भोजन व्यवस्था पर जोर: जिले के भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी मंत्री ने जिला कारागार फतेहगढ़ के औचक निरीक्षण से की। उन्होंने जेल में बंदियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं, भोजन, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों से बंदियों की संख्या तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।पाकशाला के निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा सहित अन्य कार्यों में बंदियों की ड्यूटी पारदर्शी तरीके से रोस्टर के अनुसार लगाने को कहा। बंदी चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए प्रभारी मंत्री ने पुरुष एवं महिला बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। संक्रमित एवं गंभीर बीमारियों से पीड़ित बंदियों को सामान्य मरीजों से अलग रखने को भी कहा।उन्होंने जेल अधिकारियों से कहा कि कारागार में सुरक्षा के साथ मानवीय और सुधारात्मक वातावरण भी सुनिश्चित किया जाए। साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कलेक्ट्रेट की समीक्षा बैठक में प्रशासक जिला पंचायत मोनिका यादव, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि तथा भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सीडीओ विनोद कुमार गौड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार, सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय, एएसपी गिरीश कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कारागार निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव और चिकित्सक डॉ. नीरज भी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]