पांचाल घाट गंगा पुल फिर क्षतिग्रस्त, जोखिम भरा! भारी वाहनों का आवागमन

0
275

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कादरी गेट थाना क्षेत्र के पांचाल घाट स्थित गंगा नदी पुल की हालत लगातार खराब होती जा रही है। इटावा-बरेली हाईवे पर स्थित इस महत्वपूर्ण पुल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सावन के पवित्र माह में लाखों कांवड़िये भी इसी पुल से होकर गुजरते हैं। ऐसे में पुल की सुरक्षा और मजबूती को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।पांचाल घाट पुल के जॉइंट पिछले करीब एक वर्ष से कई बार क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। संबंधित विभाग द्वारा समय-समय पर इनकी मरम्मत कराई जाती रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। अब पुल के नीचे गंगा तट की ओर जलस्तर के ऊपरी हिस्से में लगा प्लास्टर भी जगह-जगह से छूटने लगा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पुल के निचले हिस्से में भी मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है।लगातार हो रही मरम्मत को लेकर क्षेत्रवासियों में सवाल उठने लगे हैं कि आखिर कब तक पुल के ऊपर और नीचे इसी तरह मरम्मत का सिलसिला चलता रहेगा। लोगों का कहना है कि जब नए पुल को मंजूरी मिल चुकी है तो उसके निर्माण कार्य में तेजी लाई जानी चाहिए, जिससे पुराने पुल पर यातायात का दबाव कम हो सके।फिलहाल क्षतिग्रस्त हिस्सों के बीच से होकर भारी वाहन समेत अन्य यातायात गुजर रहा है। सावन के दौरान कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुल पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग पुराने पुल की मरम्मत तक ही सीमित रहता है या प्रस्तावित नए पुल का निर्माण जल्द शुरू कराकर लोगों को इस समस्या से स्थायी राहत दिलाई जाती है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]