30 लाख लूट में फरार चौथा आरोपी भी नकदी व तमंचा सहित गिरफ्तार

0
230

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना पुलिस ने 30 लाख रुपये की लूट के चर्चित मामले में एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 1,03,490 रुपये, घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इस मुकदमे में इससे पहले 20 अगस्त 2026 को तीन आरोपियों — शिव कुमार, विशाल उर्फ सीटू और उमेश उर्फ ततैया (सभी निवासी ग्राम कल्हौर पछाह, थाना घिरोर, जनपद मैनपुरी) को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से लूटे गए 30 लाख रुपये में से 24 लाख रुपये बरामद किए गए थे। इस बरामदगी के बाद मुकदमे में एक धारा की बढ़ोत्तरी की गई थी। इसी क्रम में पुलिस ने 21 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वेबर–मोहम्मदाबाद रोड स्थित मदर मेमोरियल पब्लिक स्कूल तिराहे से वांछित आरोपी 28 वर्षीय कुंवर बहादुर सिंह उर्फ सोनू पुत्र स्वर्गीय विजयपाल, निवासी ग्राम कल्हौर पछाह, थाना घिरोर, जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 1,03,490 रुपये, एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की भी बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस के अनुसार, अब तक इस लूटकांड में कुल 25,03,490 रुपये बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष रकम की बरामदगी और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]