फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र में एक महिला को कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर घर से लाखों रुपये के सोने के जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ऊंचा भवानी दास निवासी प्रशांत वर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 21 जून को वह अपनी दुकान पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी अंशिका घर पर अकेली थीं। आरोप है कि इसी दौरान सिमरन वर्मा नामक युवती उनके घर पहुंची और अपने साथ लाई कोल्ड ड्रिंक अंशिका को पिला दी। कुछ समय बाद अंशिका की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर युवती ने घर की अलमारी में रखे सोने के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में चार चूड़ियां, दो कड़े, एक चेन, तीन अंगूठियां, एक पेंडेंट और टॉप्स शामिल बताए गए हैं।होश में आने के बाद अंशिका ने अपने पति को घटना की जानकारी दी और आरोप लगाया कि कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाया गया था। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने कथित रूप से जेवरातों की बिक्री से जुड़े कुछ सर्राफा व्यापारियों और कारीगरों से भी पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, जांच में यह जानकारी भी सामने आई कि आरोपी युवती ने एक जन सेवा केंद्र पर करीब 4.80 लाख रुपये जमा कराने के लिए दिए थे, लेकिन बाद में वहां से चली गई और उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।पीड़ित दंपति का दावा है कि चोरी हुए जेवरातों की कीमत करीब 15 लाख रुपये है। हालांकि पुलिस द्वारा बरामदगी और जेवरों की वास्तविक कीमत का सत्यापन किया जा रहा है।कोतवाली पुलिस ने आरोपी सिमरन वर्मा को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।नोट: समाचार में वर्णित आरोप प्राथमिकी एवं संबंधित पक्षों के बयानों पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि न्यायालय में विचाराधीन प्रक्रिया एवं पुलिस जांच के अंतिम निष्कर्षों के अधीन है।
नशीला पदार्थ पिलाकर लाखों के जेवर चोरी करने के आरोप में युवती गिरफ्तार
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]


