धूमधाम से निकली शिव बारात, आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

0
34

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्री मधु रामलीला मंडल मऊदरवाजा की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य शिव बारात निकाली गई। रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे रोड स्थित ठंडी सड़क के एक गेस्ट हाउस के पास से शुरू हुई बारात में बैंड, डीजे और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच एक से बढ़कर एक धार्मिक झांकियां शामिल रहीं। बारात के दर्शन के लिए शहर में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ी।शिव बारात में सबसे आगे भगवान गणेश की झांकी के साथ काली अखाड़ा रहा। इसके बाद हनुमान जी, बाबा नीम करौली, तिरुपति नाथ बालाजी, वैभव लक्ष्मी, गोपेश्वर महादेव, यमुना रस रानी, गिरिराज जी, खाटू श्याम जी, बटुक भैरवनाथ और दुर्गा जी समेत अनेक झांकियां शामिल थीं। सबसे पीछे भगवान शिव की भव्य झांकी चल रही थी। शिव बारात में शामिल भूत-प्रेत की टोली बच्चों और दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।बाबा नीम करौली की झांकी के दौरान भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे सागर में नैया डाल दी’ पर श्रद्धालु और दर्शक झूमते नजर आए। दर्शकों की मांग पर भजन दोबारा प्रस्तुत किया गया। डीजे की धुन और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच युवाओं ने जमकर नृत्य किया। शहर में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शिव बारात का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आरती उतारकर जयकारे लगाए। आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग बारात देखने पहुंचे। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कई लोगों ने देर शाम से ही घरों और दुकानों के आसपास स्थान घेरकर बारात का इंतजार किया।आयोजन में मंजुल मिश्रा ने प्रमुख भूमिका निभाई। व्यवस्थापक जितेंद्र तिवारी, विशाल वर्मा और ओम मेडिकल वाले समेत मंडल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता व्यवस्था संभालते हुए बारात के साथ चलते रहे।हालांकि भारी भीड़ के बीच कुछ स्थानों पर अव्यवस्था भी दिखाई दी। कहीं गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बनी तो आवारा जानवरों के बारात में घुसने से भी अफरा-तफरी मची। इस दौरान कुछ लोगों के मामूली रूप से चोटिल होने की जानकारी मिली। पुलिस बल पूरे मार्ग पर मुस्तैद रहा और सुरक्षा व्यवस्था संभालता रहा।शिव बारात ठंडी सड़क स्थित गेस्ट हाउस के पास से शुरू होकर रेलवे स्टेशन, रेलवे रोड, चौक, नेहरू रोड, शाहबगंज चौराहा, नालामच्छट्टा, लोहाई रोड चौक होते हुए बीबीगंज और मऊदरवाजा पहुंची, जहां देर रात बारात का समापन हुआ। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे मार्ग पर पर्याप्त इंतजाम किए थे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]