फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कादरी गेट थाना पुलिस ने दीपावली से पहले अवैध रूप से रखी गई भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बेवर रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास डीडी मोटर्स गैराज में की। मामले में विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी(1)(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर के अनुसार, उपनिरीक्षक अरविंद यादव 6 अक्टूबर की शाम क्षेत्र में गश्त और कानून-व्यवस्था ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नारायनपुर में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास डीडी मोटर्स गैराज में कुछ लोगों ने भारी मात्रा में अवैध आतिशबाजी छिपाकर रखी है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गैराज में दबिश दी। पुलिस के अनुसार, गैराज में तीन लोग मौजूद मिले। पूछताछ में उनकी पहचान दुर्गेश शाक्य पुत्र स्वर्गीय हृदेश कुमार, देवेश शाक्य पुत्र स्वर्गीय हृदेश कुमार निवासी मो. अमीन खां फर्रुखाबाद तथा राघवेंद्र कुमार उर्फ राघव पुत्र परमेश्वर दयाल निवासी कुईयांबूट के रूप में हुई। तीनों मऊदरवाजा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान पुलिस को 11 कार्टून आतिशबाजी, दो स्काईशॉट के जैकपॉट तथा छह बड़ी और दो छोटी फुलझड़ियां बरामद हुईं। कार्टूनों में विभिन्न प्रकार की चकरी, फुलझड़ी, रॉकेट, पटाखे, स्काईशॉट और अन्य आतिशबाजी भरी मिली। इसके अलावा एक कार्टून से 40 फ्लाइंग कैंडल भी बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि आतिशबाजी उन्होंने मिलकर खरीदी थी और आगामी दीपावली पर अधिक दामों में बेचकर लाभ कमाने के लिए गैराज में छिपाकर रखी थी। पुलिस के मुताबिक, आतिशबाजी रखने के स्थान पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं थे। जांच में आतिशबाजी का लाइसेंस भी सामने आया, लेकिन पुलिस के अनुसार उसकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। बरामद आतिशबाजी को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को विस्फोटक अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लिया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दयानंद पटेल को सौंपी गई है।
डीडी मोटर्स गैराज से भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद, तीन गिरफ्तार
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



