फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) इटावा-बरेली हाईवे स्थित पांचाल घाट पुल के क्षतिग्रस्त ज्वाइंटों को लेकर जेएनआई न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए जाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। शुक्रवार तड़के पुल के खुले ज्वाइंटों की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुल पर डिवाइडर भी लगाए गए।
हालांकि मरम्मत कार्य के कारण दोपहर से ही हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम तक चाचूपुर से लेकर मसेनी चौराहा तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम इतना भीषण था कि
कई लोग अपने वाहन छोड़कर पैदल ही गंतव्य की ओर निकल पड़े। बुजुर्ग, महिलाएं और बीमार लोग भी पैदल चलते दिखाई दिए। कई एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि चाचूपुर के पास की गई बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था में बदलाव के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने पांचाल घाट चौकी और जमापुर की ओर से यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बाद देर शाम धीरे-धीरे यातायात सामान्य होने लगा। जाम में फंसे यात्रियों ने बताया कि उन्हें घंटों तक बसों और अन्य वाहनों में इंतजार करना पड़ा। तेज गर्मी और उमस के कारण लोगों का बुरा हाल हो गया, जिसके चलते कई लोगों ने पैदल सफर करना ही बेहतर समझा।अब गुरु पूर्णिमा स्नान पर्व (28 अगस्त) और उसके बाद सावन माह में लाखों कांवड़ियों के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यदि समय रहते प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में इससे भी अधिक गंभीर जाम की स्थिति पैदा हो सकती है।



