अभ्युदय कोचिंग सेंटर का शुभारंभ, डीएम बोले-परिश्रम व अनुशासन ही सफलता की कुंजी

0
13

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सत्र 2026-27 के लिए राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में बुधवार को अभ्युदय कोचिंग सेंटर का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अभ्युदय का अर्थ “जीवन की संभावनाओं का सूर्योदय” है। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर प्रदान करती है। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन, समर्पण और तकनीक के बेहतर उपयोग के साथ तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर मेहनत ही लक्ष्य तक पहुंचाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकों का केवल अध्ययन ही नहीं, बल्कि उनका विश्लेषण करने तथा अपनी शंकाओं का समाधान शिक्षकों से नियमित रूप से कराने की सलाह दी। साथ ही अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि कोचिंग सेंटर का संचालन पूरी गुणवत्ता और नियमितता के साथ किया जाए तथा विद्यार्थियों को सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने कहा कि अभ्युदय कोचिंग जनपद के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन, पूर्व वर्षों के प्रश्नपत्रों के अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन का महत्व बताया। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, जबकि जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की कार्यप्रणाली एवं विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षक, अभ्युदय योजना के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]