पिता की हत्या के आरोप में पुत्र गिरफ्तार, खून से सनी बनियान बरामद

0
19

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने पिता की हत्या के मामले में आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मृतक की खून से सनी सफेद बनियान बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार ग्राम रोहिला निवासी श्याम सिंह उर्फ रामू पर अपने पिता रामदास की हत्या करने का आरोप है। इस संबंध में 13 जुलाई को कोतवाली मोहम्मदाबाद में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बेटी की शादी में अधिक खर्च होने से वह आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान था। वह अपने पिता पर जमीन बेचकर रुपये देने का दबाव बना रहा था। 12/13 जुलाई की रात रुपये को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में उसने प्लास्टिक की कुर्सी से कई वार कर पिता की हत्या कर दी। घटना के बाद वह खून से सनी बनियान घर के सामने फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बनियान बरामद कर ली। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी के नेतृत्व में कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस टीम ने की।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]