फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र में सामने आए साइबर ठगी के एक बड़े मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। ऑनलाइन माध्यम से लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में, जिसमें जस्ट डायल के जरिए ठगी किए जाने की आशंका जताई जा रही है, पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक इस प्रकरण में एक से अधिक लोगों की भूमिका होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में हलचल का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना पुलिस और एसओजी संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं| जांच के दौरान संदिग्धों के मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। साइबर अपराध से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। थाना प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र सिंह ने बताया कि साइबर ठगी से जुड़े मामले में कुछ युवकों से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।
साइबर ठगी प्रकरण में पुलिस का शिकंजा, कई युवकों से गहन पूछताछ
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



