वैश्य युवा के जिलाध्यक्ष चेतन गुप्ता सहित दर्जनों युवा वैश्य विजय के साथ चले

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद: राजनीति के पुराने पैतरे को इस्तेमाल करते हुए विजय ने राजनैतिक दुश्मन के दुश्मन को अपने पाले में किया और चल दी एक साथ कई चाले| चुनाव चिन्ह जीप लेने गए राजेश पाठक द्वारा मिली चिन्ह मिलने की खबर विजय ने युवा वैश्यों के साथ शेयर किया| मौका था लालगेट बसड्डे के सामने राजेश गुप्ता के ड्राईंग रूम में मोहन अग्रवाल द्वारा बुलाई गयी बैठक का| और बैठक में शामिल हुए शहर के युवा जिन्हें विजय ने दयमन्ती को नगरपालिका की अखरोट की कुर्सी तक पहुचाने की कमान सौपी| इस दौरान कई युवा जो कभी मनोज के खेमे में थे, उन्हें चुनाव लड़ाते थे विजय सिंह के दाहिने बैठे नजर आये|


राजीव अग्रवाल सर्राफ जो कभी मनोज के बचपन के दोस्त रहे और चुनाव लड़ाने में सक्रिय भूमिका अदा करते रहे विजय के दाई और बैठे दिखे| पूर्व में हुए उपचुनाव के दौरान राजेश गुप्ता गोल्डी गुप्ता चेतन गुप्ता सहित कई युवा अंतू मिश्र के खेमे से जुड़कर बसपा का टैम्पो हाई करते रहे थे| ये युवा तब बसपा के झंडे लगी गाडियो पर अपने आकाओं की परिक्रमा करते दिखे थे| अब बसपा के जहाज डूबने के साथ उस्ताद के पास वापस आ गए| भले ही उस्ताद सरकार में न हो मगर इन्हें उस्ताद का साथ डूबते को तिनके के सहारे का अहसास जरुर देगा| मोहन अग्रवाल और राजेश गुप्ता की मैनेज चाय पार्टी में राजेश गुप्ता अपने एक दर्जन से अधिक साथियो के साथ पहुचे और विजय तो तन मन धन से जिताने का वादा भी किया| दोनों पक्षों ने गिले शिकवे दूर किये|


निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष मनोज अग्रवाल की चूले हिलाने में अपने बेगाने सभी लगे है| चाय पार्टी में मुन्ना लाल गुप्ता सचिन गुप्ता, उमेश गुप्ता, पंकज गुप्ता, अनिल पल, गोल्डी गुप्ता, राजीव अग्रवाल, वैश्य युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चेतन गुप्ता, संतोष गुप्ता, ब्रजेश गुप्ता, ब्रजेश चौहान, ठेकेदार रीतेश सक्सेना रीटू, नीरज गुप्ता, योगेश गुप्ता, मनोज गुप्ता, ज्योति भूषण अग्रवाल ने मनोज के राज विजय के साथ शेयर किये|

नगरपालिका चुनाव का अभी प्रारम्भिक दौर है| जोड़ तोड़ और जनसम्पर्क के साथ धीरे धीरे गति पकड़ रहा है| मनोज अपने कार्यकाल के कामो को गिना कर वोट मांग रहे है तो विपक्षी उनके कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार को उजागर कर जनता को आकर्षित करने में लग गए है| जैसे जैसे समय बढेगा राजनैतिक बयानों का दौर आएगा और फिर चुनाव में कौन किधर जायेगा इसका भी मतलब और गणित लगाया जायेगा|