डीएम ने बदली स्टाइल| भ्रष्ट, नाकारा और कामचोर बाबू अफसर सुधरे वर्ना…

Uncategorized

फर्रुखाबाद: लगभग एक महीने में डीएम मुथु स्वामी ने जनता का दर्द भी समझ लिया और उसका कारण भी| नाकारा, भ्रष्ट और कामचोर कर्मचारी और अफसरों से त्रस्त जनता रोज डीएम के दफ्तर में भीड़ लगा रही थी| इस तरह से लगभग अब तक चार हजार से ज्यादा शिकायते डीएम तक पहुच गयी| मगर निस्तारण चूँकि सम्बन्धित विभाग को करना है और वो हो नहीं पा रहा था इसलिए अब डीएम ने नया नुस्खा अजमाने का फैसला लिया है| जनता की शिकयतो के ढेर अपने दफ्तर में मागने की बजे डीएम ने दफ्तरों में कार्यरत सरकारी अमले को ही सुधरने की कमर कस ली है|
डीएम का प्रेस नोट-
जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी ने जनपद के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय में बैठकर जनता की समस्याओं को सुनकर निराकरण करें।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो निराकरण उनके स्तर से संभव न हो उसे मुझको बतायें ताकि समय से निस्तारित किया जा सके। जनता की समस्यायें सुनते समय तमाम ऐसी शिकायतें आती हैं जिनका समाधान अधिकारियों द्वारा किया जा सकता है। ऐसा प्रतीत होता है कि सम्बंधित अधिकारी समस्याओं के निराकरण में रुचि नहीं ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सभी विभागों को भेजे गये पत्रों की समीक्षा की जायेगी और समय से निराकरण न करने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। यही नहीं जिस बाबू के पास पत्रावली अनावश्यक रूप से लम्बित पाई जायेगी उसके खिलाफ भी दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह भी संज्ञान में आया है कि अधिकारी बिना किसी को जिम्मेदारी सौंपे मुख्यालय बिना अनुमति के छोड़कर चले जाते हैं। जिससे समस्या के निस्तारण में कठिनाई का अनुभव होता है। यह अनुचित है भविष्य में जो अधिकारी मुख्यालय छोड़ेंगे उनकी अनुमति मुझसे अवश्य लेंगे अथवा उन्हें अनुपस्थित मानते हुए कार्यवाही की जायेगी। प्रति सप्ताह विभाग में प्राप्त होने वाले प्रार्थनापत्रों के निस्तारण की समीक्षा करेंगे। जिन बाबू के पटल पर अनावश्यक लम्बित प्रकरण पाये उसके खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित करें। प्रति दिन किसी न किसी विभाग का निरीक्षण किया जायेगा और उस समय लम्बित प्रकरण के मामले में बाबू के साथ-साथ अधिकारी को भी दोषी माना जायेगा।

डा0 स्वामी ने कहा कि जन साधारण से अपेक्षा है कि अपनी समस्या के निस्तारण हेतु पहले सम्बंधित अधिकारी के पास जाये जब समस्या का समाधान न हो तब मेरे पास आकर बतायें।