कल प्रदेश में प्रवेश करेगी राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा,प्रियंका करेंगी भाई का स्वागत

LUCKNOW Politics-CONG. UP NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

लखनऊ:कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बिहार से शुक्रवार को उप्र के चंदौली में प्रवेश करेगी। चंदौली में यात्रा का स्वागत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी। वह उप्र में राहुल की यात्रा में साथ रहेंगी।रायबरेली या अमेठी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में आइएनडीआइए गठबंधन में शामिल सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। सपा अध्यक्ष ने पहले ही राहुल गांधी की भारत जोड़ों न्याय यात्रा में शामिल होने का एलान कर दिया था।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि उप्र में राहुल की यात्रा ऐतिहासिक होगी। काशी में उनका भव्य स्वागत होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राहुल की यात्रा उप्र में प्रवेश के बाद 16 फरवरी को अवधूत भगवान राम की धरती चंदौली के पड़ाव में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन गोलगड्डा से सुबह आठ बजे प्रारंभ होगी।भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी बिहार से नौबतपुर के रास्ते उप्र में प्रवेश को लेकर कांग्रेसी तैयारी में जुट गए हैं। राहुल गांधी की यात्रा को सफल बनाने के लिए ब्लाक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया गया कि 16 फरवरी को सभी लोग अपने-अपने क्षेत्र में गांव के किसान,नौजवान,श्रमिक से संपर्क कर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर राहुल गांधी की यात्रा को सफल बनाने में योगदान दें।