दरोगा पर लगा मारपीट व छत से नीचे फेंकने का आरोप

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) ग्रामीण ने शमसाबाद थाने के दरोगा और सिपाही पर घर में रात में दबिश देकर मारपीट करने और छत से नीचे फेंकने का आरोप लगाया है। छत से नीचे फेंकने के कारण उसके पैर टूट गए हैं। परिजनों ने घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल की पत्नी ने दरोगा और सिपाही की शिकायत एसपी से की है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर बैरागढ़ निवासी प्रेम सिंह की पत्नी प्रभा ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि उसका गांव के चंद्रपाल से कुछ दिन पूर्वविवाद हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया था। पति जमानत कराकर घर आए। 25 मई की रात दरोगा अमित कुमार दो सिपाही व अन्य लोगों के साथ रात में दस बजे घर आए। घर में घुस कर गाली गलौज किया। विरोध करने पर उसके व देवरानी के साथ अभद्र व्यवहार किया। पति के विरोध करने पर दरोगा अमित कुमार और सिपाहियों ने पति को पकड़ कर छत से नीचे फेंक दिया। इससे पति की टांग टूट गई। पुलिस कर्मी धमी देकर चले गए। पति को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने पति को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। दरोगा अमित कुमार ने बताया कि वह दबिश देने नहीं गए थे। रात में गश्त कर रहे थे। प्रेम सिंह ने उसको देखा और भागने लगा। इससे वह छत से नीचे गिर कर घायल हो गया। जो आरोप लगाए जा रहे हैं वह गलत है। सीओ सोहराब आलम ने बताया कि आरोप गलत है, फिर भी जांच की जा रही है।