प्रथम चरण में योगी के नौ मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में होगी कैद

LUCKNOW UP NEWS जिला प्रशासन विधानसभा चुनाव 2022 सामाजिक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के लिए सात चरणों में होने वाले मतदान में पहले चरण की वोटिंग कोहरे तथा ठंड के बाद भी शुरू हो गई है। मतदाता सात बजे से पहले ही केन्द्रों में पहुंच गए थे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2002 में पहले चरण के मतदान में 11 जिलों के 58 विधानसभा क्षेत्र के मतदाता आज अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रात: सात बजे से शाम छह बजे तक होने वाले मतदान में आज प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान में 11 जिलों में पहले दो घंटे यानी सात से नौ बजे तक कुल 7.93 प्रतिशत मतदान हुआ है। घने कोहरे तथा ठंड के बीच सात बजे से मतदान शुरु होने से पहले ही लोग मतदान केन्द्र के बाहर एकत्र थे। दो घंटे में बागपत में सर्वाधिक 8.93 और गाजियाबाद में सबसे कम 7.37 प्रतिशत मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दो घंटे के बाद आगरा में 7.53 अलीगढ़ में 8.26, बागपत में 8.93, गौतमबुधनगर में 8.33, गाजियाबाद में 7.37, हापुड़ में 8.20, मथुरा में 8.30, मेरठ में 8.44, मुजफफरनगर में 7.50 तथा शामली में 7.70 प्रतिशत मतदान हुआ।पहले चरण में योगी सरकार के नौ मंत्रियों की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। इनमें शामली के थानाभवन सीट से चीनी उद्योग एवं गन्ना मंत्री सुरेश राणा, मथुरा की छाता सीट से पशुधन मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, मथुरा सीट से ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, मुजफ्फरनगर सदर सीट से व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, गाजियाबाद से स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, अतरौली सीट से वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह प्रमुख हैं। इसी प्रकार आगरा कैंट से समाज कल्याण राज्य मंत्री जीएस धर्मेश, बुलंदशहर की शिकारपुर सीट से वन राज्य मंत्री अनिल शर्मा और मेरठ की हस्तिनापुर सीट से जलशक्ति व बाढ़ नियंत्रण राज्य मंत्री दिनेश खटीक भी मैदान में है। उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य आगरा की ग्रामीण सीट से इम्तिहान देंगी। कैराना सीट की भी दिलचस्प जंग होनी है। इसमें सपा के नाहिद हसन व भाजपा की मृगांका सिंह मैदान में हैं।

देख सकेंगे किसे डाला वोट : इस बार मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने किसे वोट दिया यह भी देख सकेंगे। चुनाव आयोग ने सभी मतदान बूथों पर ईवीएम के साथ ‘वोटर वेरिफाइड पेपर आडिट ट्रेल’ (वीवीपैट) भी लगाया है। इसके जरिए मतदाता देख सकेंगे कि उन्होंने जिस प्रत्याशी को वोट दिया है उसी की पर्ची निकलेगी।