मुरादाबाद में बोले शिवपाल सरकार बनी तो बीए पास को मिलेगी सरकारी नौकरी

Politics UP NEWS सामाजिक

मुरादाबाद: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा बुधवार को रामपुर जनपद के मिलक पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा 12 अक्टूबर से शुरू हुई है और यह सत्ता परिवर्तन तक जारी रहेगी। भाजपा सरकार ने जो वादे किए थे वह पूरे नहीं किए। जनता परेशान है। बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। पूंजीपतियों के काम किए जा रहे हैं। निजीकरण के नाम पर सरकारी संपत्तियों को बेचा जा रहा है|
प्रसपा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के ऊपर कृषि कानून थोप दिए। किसान सड़क पर बैठा है अपना हक मांग रहा है। लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दाम आसमान को छू रहे हैं। बिजली का बिल भी बढ़ा दिया गया है। हमारी सरकार आने पर 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। बीए पास करने वाले छात्र छात्राओं को कानून बनाकर प्रत्येक परिवार के एक छात्र को सरकारी नौकरी देंगे। जिस परिवार की बीए पास लड़की को नौकरी नहीं मिलेगी। उसे रोजगार के लिए सरकार के बजट से पांच लाख रुपए देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अडानी और अंबानी जैसे पूजीपतियों को बढ़ावा देती रही है। जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से परेशान है। अडानी को कौन जानता था? आज वह एशिया का नंबर दो पूंजीपति है और अंबानी नंबर एक पूंजीपति है। इसलिए भाजपा को हटाना है। हमने छोटी-छोटी पार्टियों से कहा है कि वह गठबंधन कर ले। चाहे वह समान विचार या सेकुलर पार्टियां हों। मैंने तो समाजवादी पार्टी से भी कहा, गठबंधन कर लीजिए। भाजपा को सत्ता से हटाने में आसानी होगी। भाजपा के शासन में तो सरकार के खिलाफ बोलने वालों को जेल में डाल दिया जाता है या फिर बुलडोजर चला देते हैं। इस सरकार में मेहनत की कमाई पर बुलडोजर चलता है। बदले की भावना से झूठे मुकदमे लिखे जा रहे हैं। गरीब किसान को कोई लाभ नहीं है। इसलिए भाजपा को हटाना बहुत जरूरी है। इस दौरान फरहत हसन खान, कपिल देव सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।